ArticlesLatestSocial

अमर उजाला राष्ट्रीय मैथ्स ओलिम्पियाड में सेंट एण्डूज के विद्यार्थियों ने लहराया सफलता का परचम

अमर उजाला राष्ट्रीय मैथ्स ओलिम्पियाड में सेंट एण्डूज के विद्यार्थियों ने लहराया सफलता का परचम

आगरा ही नहीं, बल्कि देश के प्रतिष्ठित समाचार पत्र ‘अमर उजाला’ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मैथ्स ओलिम्पियाड में सेंट एण्डूज पब्लिक स्कूल, आगरा के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न चरणों में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र जतिन अग्रवाल ने सभी चरणों में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अमर उजाला द्वारा लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी के करकमलों से उन्हें प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं ₹21,000 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में विद्यालय की कक्षा-10 की छात्रा आराध्या गोयल ने विज्ञान विषय में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय को एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि दिलाई। अमर उजाला द्वारा उन्हें स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के सी.एम.डी. डॉ. गिरधर शर्मा ने दोनों विद्यार्थियों को उनकी शानदार सफलता पर हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ प्रतिभा को निखारने तथा आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त माध्यम होती हैं। ऐसे राष्ट्रीय स्तर के मंच विद्यार्थियों को अपनी योग्यता सिद्ध करने एवं भविष्य की बड़ी सफलताओं के लिए प्रेरित करते हैं।

विद्यालय की एम.डी. ओशिन शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उत्कृष्ट उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी तथा उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्या अंशु सिंह, उप-प्राचार्य अभिषेक क्रिस्टी, अंजना गुप्ता, विक्की कथूरिया, नलिनी अग्रवाल, आलोक वैष्णव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।