उत्तर प्रदेश को 8वीं जूनियर नेशनल लगोरी चैंपियनशिप में कांस्य पदक

टीम एंड्रूज को 8वीं जूनियर नेशनल लगोरी चैंपियनशिप में कांस्य पदक
रेवाड़ी (हरियाणा): हरियाणा लगोरी एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 8वीं जूनियर नेशनल लगोरी चैंपियनशिप में सेंट एंड्रूज पब्लिक स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता हरियाणा के रेवाड़ी जिले में आयोजित की गई, जिसमें देशभर की टीमों ने भाग लिया।
उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुये टीम एंड्रूज ने जूनियर बालक वर्ग में दमदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम का पहला मुकाबला पंजाब के साथ हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश ने जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में मेजबान हरियाणा के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए तीसरे मुकाबले में छत्तीसगढ़ को हराया और चौथे मुकाबले में दिल्ली को पराजित किया। लगातार अच्छे प्रदर्शन के चलते उत्तर प्रदेश ने सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई। सेमीफाइनल मुकाबले में भी टीम ने सराहनीय प्रदर्शन किया, लेकिन कड़े मुकाबले के बाद टीम को बालक वर्ग में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। टीम की इस सफलता में कोच यश गोयल और विजय तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने अनुशासित और प्रभावी खेल का प्रदर्शन किया।
इस उपलब्धि पर सेंट एंड्रूज़ पब्लिक स्कूल के सीएमडी डॉ. गिरधर शर्मा, उत्तर प्रदेश लगोरी संघ के सचिव बृजमोहन शर्मा तथा अध्यक्ष डॉ. सुधाकर द्विवेदी (एडवोकेट, सुप्रीम कोर्ट) ने खुशी व्यक्त करते हुए टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही सीएमडी डॉ. गिरधर शर्मा, एमडी ओशिन शर्मा, प्राचार्या अंशु सिंह और उप प्राचार्य अभिषेक क्रिस्टी ने भी टीम की इस सफलता पर हर्ष जताया। इस संबंध में जानकारी उत्तर प्रदेश लगोरी संघ के सचिव द्वारा दी गई।
