सीबीएसई नेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए सेंट एंड्रयूज स्कूल के 8 खिलाड़ी चयनित।

सीबीएसई नेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए सेंट एंड्रयूज स्कूल के 8 खिलाड़ी चयनित।

आगरा। सेंट एंड्रयूज स्कूल के आठ होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ियों का चयन सीबीएसई नेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2026 के लिए हुआ है। खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित खिलाड़ी अब देशभर के प्रतिभागियों के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

सीबीएसई नेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 24 सितंबर 2026 तक बाल विकास प्रोग्रेसिव स्कूल, पानीपत में किया जाएगा। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों से चयनित खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में बालिका वर्ग से आकृति तथा बालक वर्ग में संभव शर्मा, अविनाश उपाध्याय, अनमोल उपाध्याय, अर्नव दीक्षित, अभय झा, सार्थक शर्मा एवं अक्षय चौहान शामिल हैं।

विद्यालय के सीएमडी डॉ. गिरधर शर्मा, एमडी सीए अपूर्वा शर्मा, प्रिंसिपल साहिबा खान, वाइस प्रिंसिपल रीता रॉय एवं बी.डी. दुबे ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी अनुशासन, खेल भावना और आत्मविश्वास के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के ताइक्वांडो कोच विक्रम सक्सेना ने कहा कि खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन उनकी कड़ी मेहनत, नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करना खिलाड़ियों के लिए गौरव की बात है और सभी खिलाड़ी पूरी मेहनत के साथ प्रतियोगिता में उतरेंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर सेंट एंड्रयूज स्कूल एवं आगरा का नाम रोशन करेंगे।