सेंट. एंड्र्यूज़ प्रीमियर स्कूल में ‘अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड’ में 114 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई अपनी बौद्धिक क्षमता और प्रतिभा

सेंट. एंड्र्यूज़ प्रीमियर स्कूल में ‘अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड’ में 114 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई अपनी बौद्धिक क्षमता और प्रतिभा
ताजनगरी (आगरा)। फतेहाबाद रोड स्थित सेंट एंड्रूज प्रीमियर स्कूल (फेज़-2) में अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड का सफल एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में विद्यालय के 114 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी तार्किक क्षमता व प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह, आत्मविश्वास और उपलब्धि की खुशी स्पष्ट दिखाई दे रही थी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के एमडी शिवांजल शर्मा, प्रधानाचार्या श्रीमती गुंजन पुण्डीर, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती सुरीति माथुर, संयोजिका अमृत गिल एवं लेखाकार मनोज शर्मा ने संयुक्त रूप से मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने बच्चों के प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और माता-पिता का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि, “अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड जैसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में तार्किक सोच, विश्लेषणात्मक क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसी शैक्षणिक गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को नई दिशा प्रदान करती हैं।” कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अमर उजाला द्वारा आयोजित इस सराहनीय पहल के प्रति आभार व्यक्त किया।
