युवा साहित्योत्सव में जुटे टीवी सितारे

आगरा। हिंदी साहित्य अकादमी के आगरा संभाग की तरफ से होटल भावना क्लार्क्स इन में आयोजित युवा साहित्योत्सव में देश के नामचीन सितारों ने शिरकत करके अपनी काव्य प्रस्तुति से लोगों का दिल जीत लिया। देश की चर्चित कवयित्री डॉ. अनामिका अंबर का जादू सभी के सिर चढ़कर बोला। इसके अलावा प्रख्यात कवि सौरभ सुमन, हास्य कवि पवन आगरी और टीवी प्रस्तोता पंकज शर्मा लोगों में विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

अकादमी के मुख्य संरक्षक डॉ विजय किशोर बंसल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी सुरेश चंद्र अग्रवाल एवम् बिल्डर भगत सिंह बघेल, अकादमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ जैन, राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन आगरी, आगरा संभाग की अध्यक्ष डॉ नीतू चौधरी, संस्था उपाध्यक्ष साधना भार्गव एवम सलाहकार कुलदीप ठाकुर ने दीप प्रज्वलित करके किया।

कार्यक्रम में देश के कुछ चुनिंदा नामचीन सितारों को यूथ आइकॉन अवॉर्ड से भी नवाजा गया, जिनमें फिल्म अभिनेत्री खुशुबू शर्मा, प्रमुख साहित्यकार उर्वशी अग्रवाल, टीवी फेम गौरव चौहान, लाफ्टर फेम चेतन चर्चित, गीतकार पंकज अभिराज, सुमधुर कवयित्री मनु वैशाली, शायरा प्रिया श्रीवास्तव, कवि डॉ. प्रशांत देव, ओज कवयित्री शिखा सिंह प्रमुख थे। यह सम्मान संगठन प्रमुख अनामिका अंबर और संस्था पदाधिकारियों ने उनको संयुक्त रूप से प्रदान किया।

अध्यक्ष डॉ नीतू चौधरी, उपाध्यक्ष साधना भार्गव, महासचिव श्रुति सिन्हा, कोषाध्यक्ष रितु गोयल एवम सहसचिव दीक्षा रिसाल ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए। कार्यक्रम में शहर की सामाजिक, सांस्कृतिक एवम चिक्तिसा जगत की तमाम शख्सियतें मौजूद रहीं। कार्यक्रम के सूत्रधार मुख्य संयोजक पवन आगरी ने काव्य समारोह का संचालन करते हुए सभी का आभार भी जताया।